कोढा/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के मूसापुर पंचायत अंतर्गत श्रीकोल गांव में जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी दीदी चांदमुनी के घर में पिछले दिनों आग लगने से घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में परिवार को भारी नुकसान हुआ। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पीड़ित परिवार के सामने खाने-पीने और पहनने तक की समस्या उत्पन्न हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वयं सहायता समूह की अन्य दीदियों ने सीएम दीदी के सहयोग से तत्काल पहल करते हुए पीड़ित परिवार को भोजन एवं वस्त्र उपलब्ध कराया। वहीं दर्पण संकुल संघ की ओर से भी परिवार के लिए कुछ दिनों तक उपयोगी खाद्य सामग्री भिजवाई गई।साथ ही पीड़ित परिवार से मिलने जिला परियोजना प्रबंधक एवं सामाजिक प्रबंधक अनोज कुमार पहुंचे।
उन्होंने परिवार की स्थिति का जायजा लिया और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। पीड़ित महिला की स्थिति को देखते हुए उन्होंने बीपीएम, कोढ़ा उत्तमानंद भारती को निर्देश दिया कि तत्काल प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर पीड़ित महिला को राशन कार्ड, विधवा पेंशन एवं नियमानुसार सरकारी आपदा राहत उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
इस दौरान डीपीएम द्वारा व्यक्तिगत स्तर पर भी पीड़ित दीदी को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई। जीविका परिवार का संकल्प है कि विपरीत परिस्थितियों में कोई भी दीदी अकेली न रहे। प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाई कोढ़ा इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।