न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

चित्रगुप्त मंदिर सहित घरों में धूमधाम से मनाई गई चित्रगुप्त पूजा

कलम-दवात का हुआ पूजन

प्रतिनिधि/किशनगंज

शहर के रोलबाग एनएच 27 स्थित चित्रगुप्त मंदिर में बुधवार को चित्रगुप्त पूजा धूमधाम, अपार श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। चित्रांश परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस वार्षिक पूजा उत्सव को लेकर मंदिर परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया था। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

कमिटी के अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिन्हा एवं अन्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान चित्रगुप्त का विधि-विधान से पूजन-अर्चन शुरू हुआ। इस विशेष अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त के दर्शन कर सुख-समृद्धि, ज्ञान और बेहतर भविष्य का आशीर्वाद प्राप्त किया।सृष्टि के लेखा-जोखा के देव भगवान चित्रगुप्त की पूजा के दौरान पारंपरिक रूप से कलम और दवात की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

उपस्थित लोगों ने अपने बही-खातों और कलम को भगवान के चरणों में अर्पित कर उनसे सद्बुद्धि और न्यायप्रियता की कामना की।इस अवसर पर चित्रांश परिवार व कमिटी के प्रमुख सदस्यों में मनोज सिन्हा, दीपक श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, संजय सिन्हा, संजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।मंदिर परिसर के साथ-साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में भी उत्सव का माहौल देखा गया।

मंदिर में हुए भव्य आयोजन के साथ-साथ अधिवक्ता संजय कुमार श्रीवास्तव सहित कई लोगों ने अपने-अपने आवासों व घरों में भी भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा स्थापित कर एवं चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की। दिनभर चले इस धार्मिक अनुष्ठान से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Share this news

Leave a Comment