न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

श्रद्धा और भक्ति के साथ मां काली की प्रतिमा का विसर्जन, सुरक्षा में मुस्तैद रही गलगलिया पुलिस

किशनगंज/गलगलिया/मो दिलशाद

किशनगंज जिले के गलगलिया स्थित घोषपाड़ा में दीपावली एवं काली पूजा के अवसर पर आयोजित पूजा समारोह का बुधवार को मां काली की प्रतिमा के विसर्जन के साथ समापन हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों और भक्तिमय माहौल के बीच मां काली को विदाई दी। विसर्जन जुलूस में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रतिमा को विसर्जन के लिए रवाना किया।


मां की विदाई के दौरान पूरे क्षेत्र में आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां काली से परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। वहीं, विसर्जन के साथ ही अगले वर्ष मां के आगमन की प्रतीक्षा भी लोगों के बीच देखने को मिली।


कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गलगलिया थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। पुलिस जवानों ने विसर्जन जुलूस की निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाए रखा।

स्थानीय लोगों के सहयोग और पुलिस प्रशासन की सतर्कता से पूरा विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूजा आयोजन में समिति के सदस्य गौतम घोष, जगन्नाथ घोष, भोम्बोल घोष, बबलू सहनी एवं सुमित घोष सहित अन्य स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।

Share this news

Leave a Comment