न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भैया दूज का पर्व

बहनों ने गोधन कूटकर की भाइयों की लंबी उम्र की कामना

संवाददाता/ किशनगंज

शहर में बुधवार को भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व बेहद हर्षोल्लास और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक महिलाओं और युवतियों में भारी उत्साह देखा गया। बहनों ने विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोधन कूटकर अपने भाइयों के सुखद भविष्य, अमोघ स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की ईश्वर से कामना की।अनुष्ठान के दौरान घरों और मोहल्लों में पारंपरिक लोकगीतों की गूंज सुनाई दी, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय और उत्सवमय नजर आया।

इस पावन अवसर पर रूईधासा स्थित बाजपेई कॉलोनी में महिलाओं की विशेष भीड़ जुटी, जहां उन्होंने पुरोहित द्वारा सुनाई गई भैया दूज की पौराणिक कथा का श्रवण किया। कथा के माध्यम से भाई-बहन के अटूट रिश्ते के महत्व को रेखांकित किया गया।

पंडित जयहिंद मिश्रा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोधन कूटने की यह परंपरा भाइयों पर आने वाले संकटों को टालने और उनके जीवन में मंगल कामना के लिए की जाती है।

इस दौरान बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर उनका मुंह मीठा कराया और उपहारों का आदान-प्रदान भी हुआ। इस पारंपरिक अनुष्ठान ने भाई-बहन के आपसी प्रेम और आत्मीय बंधन को और अधिक प्रगाढ़ कर दिया। शाम के समय भी पर्व को लेकर बाजारों में चहल-पहल बनी रही।

Share this news

Leave a Comment