ट्रांसफार्मर मरम्मत स्थल पर लगी आग ने लिया विकराल रूप, दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार; शहर के आधे हिस्से की बिजली आपूर्ति रही बाधित
संवाददाता/किशनगंज
शहर के पश्चिम पल्ली स्थित पावर हाउस में बुधवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। पावर हाउस से उठता काले धुएं का घना गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। आग की भयावहता को देखकर आसपास के लोगों के साथ-साथ शहरवासियों में भी दहशत का माहौल कायम हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग पावर हाउस परिसर में ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए निर्धारित स्थान पर लगी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे परिसर में धुआं फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आग की लपटों को देखकर लोग सहम गए।
बिजली विभाग में कार्यरत एक कर्मी ने प्रारंभिक आशंका जताते हुए बताया कि जिस स्थान पर ट्रांसफार्मर की मरम्मत की जाती है, वहां अक्सर ट्रांसफार्मर का तेल गिरा रहता है। संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण तेल में आग लगी और देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इधर, स्थानीय लोगों ने दमकल की टीम के पहुंचने में हुई देरी पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि यदि दमकल की टीम समय पर पहुंच जाती तो आग को फैलने से रोका जा सकता था। घटना के बाद एहतियात के तौर पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे शहर के लगभग आधे हिस्से में अंधेरा छा गया।वही आग लगने की सूचना के बाद अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज भी मौके पर पहुंचे और उनके द्वारा आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई साथ ही जरूरी निर्देश दिया गया।
सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। करीब तीन से चार घंटे तक दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः आग पर नियंत्रण पाया जा सका। आग लगने की घटना के कारण शहर के आधे हिस्से में करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शाम को विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद शहरवासियों ने राहत की सांस ली।