फलका /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार कोगोवर्धन पूजा का त्योहार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पशुपालकों ने गाय, बैल और बछड़ों को स्नान कराकर उनकी साफ-सफाई की। इसके बाद रंग-बिरंगी रस्सियों, मुखारी, कंठा और झुनकी आदि से पशुधन को सजाया।पशुपालकों ने गाय के पैर धोकर माथे पर सिंदूर और टीका लगाया तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
वहीं महिलाओं ने घरों के आंगन में गाय के गोबर से भगवान गोवर्धन पर्वत कीबोर्ड कठ आकृति बनाकर पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूजा की। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के प्रकोप से गोकुलवासियों और उनके पशुधन की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठा लिया था।
इसी प्रसंग की स्मृति में गोवर्धन पूजा की जाती है। पूरे क्षेत्र में सुबह से ही पूजा को लेकर उत्साह का माहौल रहा। पशुपालकों ने गाय-बछड़ों को सजाकर उनकी आरती उतारी और प्रसाद अर्पित किया। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक रही। पशुओं को पहनाने वाली रंग-बिरंगी रस्सियों, घंटियों और झुनकियों की खूब बिक्री हुई। गोवर्धन पूजा के दौरान क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा।