न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

जतरा पूजा में दिखी आदिवासी संस्कृति की अनूठी झलक,पारंपरिक लोकनृत्य पर झूमे युवक-युवतियां

कालसर में जतरा पूजा की धूम, ढोल-मांदर की थाप पर थिरके आदिवासी युवक-युवतियां

हसनगंज /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के कालसर पंचायत स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय खेल मैदान में मंगलवार को आदिवासी समाज का पारंपरिक पर्व जतरा पूजा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग जुटे। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और लोकनृत्य से पूरा मैदान उत्सवी रंग में सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य तल्लू बास्की एवं सांसद प्रतिनिधि सुनील यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन उरांव एवं जतरा पूजा समिति के अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य कन्हैया कुमार उरांव ने की। इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि जतरा पूजा आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

ऐसे आयोजनों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव मजबूत होता है। यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके संरक्षण का भी संदेश देता है। जतरा पूजा के दौरान आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रकृति की पूजा-अर्चना की। जल, जंगल, जमीन, पेड़-पौधों और अनाज को विशेष महत्व देते हुए प्रकृति के प्रति आभार प्रकट किया गया।

वहीं, विभिन्न गांवों से पहुंची युवक-युवतियों की टीम ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। ढोल-मांदर की थाप पर युवक-युवतियों के कदम थिरकते रहे और दर्शक भी उत्साह से झूमते नजर आए। समिति के सदस्यों ने बताया कि जतरा पूजा आदिवासी समाज की पहचान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है।

इसके आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी परंपरा, रीति-रिवाज और पूर्वजों की विरासत से जोड़ना है। साथ ही समाज और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्व समिति प्रतिनिधि सदानंद तिर्की ने किया।

मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लक्खी प्रसाद महतो, पूर्व प्रमुख मनोज मंडल, प्रमुख प्रतिनिधि गौतम कुमार, कांग्रेस नेता मोहम्मद बशीर, मुकेश श्रीवास्तव, ज्योतिष कांत कुंवर, शीतल प्रसाद साह, पूर्व मुखिया रामदयाल उरांव, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिलीप विश्वास सहित समिति के सदस्य मनोज उरांव, बलवीर उरांव, विक्रम तिर्की, इंद्रदेव उरांव, बलराम टोप्पो, लक्ष्मण उरांव, रेशम लाल उरांव, श्यामलाल लकड़ा, परस लाल उरांव, उज्जवल उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Comment