न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज:ट्रैक्टर के रोटावेटर में फंसकर 7 साल के मासूम की मौत, गांव में मातम

किशनगंज/प्रतिनिधि

किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत धनगढ़ा पंचायत के चरघरिया गांव में सोमवार शाम को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। खेती के कार्य के दौरान ट्रैक्टर के रोटावेटर में फंसने से सात वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

मृतक की पहचान धनगढ़ा पंचायत के वार्ड संख्या 15 निवासी जुनेद आलम के पुत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब गांव में खेत की जुताई का काम चल रहा था। बच्चा ट्रैक्टर पर सवार था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और पीछे चल रहे तेज रफ्तार रोटावेटर की चपेट में आ गया। रोटावेटर में फंसने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर और रोटावेटर संबंधित परिवार के ही हैं। रोज की तरह खेत में काम चल रहा था और किसी ने नहीं सोचा था कि एक छोटी सी लापरवाही इतनी बड़ी अनहोनी में बदल जाएगी।

घटना की खबर फैलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सात वर्षीय मासूम की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं आसपास के ग्रामीण भी इस मर्माहत करने वाली घटना से स्तब्ध हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि छोटी उम्र में बच्चे की इस तरह दर्दनाक मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। मासूम की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। इधर घटना की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Share this news

Leave a Comment