कटिहार – दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जीआरपी और आरपीएफ की ओर से संयुक्त रूप से विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया एवं ट्रेनों में सघन जांच की जा रही है।
संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं सामानों की जांच, यात्रियों की सुरक्षा तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही यात्रियों को सतर्क रहने, किसी भी लावारिस सामान की सूचना तत्काल रेल पुलिस को देने तथा अनजान व्यक्तियों से खाने-पीने की वस्तुएं नहीं लेने की अपील की जा रही है।
रेल पुलिस एवं आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई गई है। यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यह संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।