न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

दीपावली और काली पूजा को लेकर किशनगंज में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 1501 पुलिसकर्मियों की तैनाती

220 दंडाधिकारी, 300 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और सात सुपर जोनल गश्ती दल संभालेंगे सुरक्षा की कमान, 5671 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई

संवाददाता/किशनगंज

दीपावली एवं काली पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले के संवेदनशील, अति संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के संयुक्त निर्देश पर जिले में 220 दंडाधिकारी, 300 से अधिक पुलिस पदाधिकारी तथा चौकीदार सहित 1501 पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि , जिले के 259 से अधिक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा सात सुपर जोनल गश्ती दल बनाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर सात क्यूआरटी तथा पांच बाइक क्यूआरटी समेत कुल 12 त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित किए गए हैं। सभी टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 5671 उपद्रवियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। इनमें 1250 लोगों के खिलाफ बॉन्ड डाउन की कार्रवाई शामिल है। सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से समन्वय स्थापित किया गया है। वहीं, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की ओर से एरिया डोमिनेशन और फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

पर्व के दौरान थाना गश्ती के साथ बाइक पेट्रोलिंग के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। पूजा पंडालों एवं विसर्जन जुलूसों की निगरानी के लिए वीडियोग्राफी और ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया जाएगा। जिला एवं अनुमंडल स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। जिला नियंत्रण कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी विभिन्न क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक रखने और उन्हें पहचान पत्र जारी करने का निर्देश दिया है। पंडालों में भीड़ नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा तथा सुचारु आवागमन के लिए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते निर्धारित करने को कहा गया है। इसके अलावा पंडालों एवं मेलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अग्निशमन और विद्युत विभाग से सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्देश दिया गया है।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट, फोटो और वीडियो अपलोड करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए साइबर थाना, जिला स्तरीय सोशल मीडिया सेल और स्थानीय पुलिस को सतर्क किया गया है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 8 नवंबर की सुबह से 9 नवंबर अथवा अगले आदेश तक दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। वरीय पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि वे लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर सकें।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से दीपावली एवं काली पूजा का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गई है। आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है।

Share this news

Leave a Comment