संवाददाता/ किशनगंज
दाह संस्कार में शामिल होने गए 35 वर्षीय पंकज कुमार की महानंदा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के करीब 48 घंटे बाद शनिवार को उनका शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के मोतीबाग निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार परिवार के एक सदस्य के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए महानंदा नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह नदी की गहराई में समा चुके थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने नदी में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू कराई गई। करीब 48 घंटे तक लगातार तलाश अभियान चलाया गया। आखिरकार शनिवार को पंकज कुमार का शव बरामद कर लिया गया।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जाता है कि पंकज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस परिवार के सदस्य के अंतिम संस्कार में शामिल होने वह नदी किनारे गए थे, उसी दौरान हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद मोतीबाग मोहल्ले सहित आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।