पर्व को लेकर यात्रा के दौरान रेल यात्रियों से सतर्कता बरते जाने की अपील
संवाददाता/किशनगंज
दीपावली और छठ पर्व के मद्देनजर स्टेशन व ट्रेनों में नशाखुरानी की घटना की घटनाओं पर अंकुश लगाए जाने को लेकर किशनगंज रेल थाना और आरपीएफ ने शनिवार की शाम को किशनगंज रेलवे स्टेशन परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। रेल डीएसपी प्रियव्रत कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है।
टीम में रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी, आरपीएफ इंचार्ज इंस्पेक्टर एचके शर्मा, रेल थाना के अवर निरीक्षक राकेश कुमार मिश्रा व अन्य शामिल थे।इसके अंतर्गत रेल थाना की पुलिस और आरपीएफ संयुक्त रूप से यात्रियों को जागरूक करते हुए सतर्कता बरतने की अपील कर रही है।साथ स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। ड्रोन कैमरे से पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी रखी जा रही है।
वहीं ट्रेन जैसे ही स्टेशन में पहुंची रेल पुलिस और आरपीएफ के अधिकारी व जवान यात्रियों को जागरूक करने लगें। यात्रियों से कहा गया कि यात्रा के दौरान अपने बच्चे पर पूरी तरह से निगाह रखें।अनजान व्यक्ति को किसी भी हाल में बच्चे को न दें। रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने कहा कि यात्रा के दौरान पूरी से सतर्कता बरतें।अनजान यात्री से किसी प्रकार की खाने पीने की चीजें न लें।किसी से जान पहचान भी न बढ़ाएं। ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य पर्व त्योहारों के दौरान ट्रेनों में फेक पते पर टिकट भी आरक्षित करवा लेते हैं।
इसके बाद सह यात्री से जान पहचान बढ़ाते हुए उनका पूरा ब्यौरा ले लेते है।इसके बाद जैसे ही जान पहचान बढ़ी की किसी प्रकार का नशीला पदार्थ चाय, पेयजल, कोल्ड ड्रिंक आदि में मिलाकर सामान लूटने की फिराक में रहते हैं।उन्होंने कहा कि स्टेशन पर पहुंचने के बाद अपने बच्चों को अकेला न छोड़ें।बच्चों पर पूरी तरह से निगरानी बरतें। महिला पुलिस कर्मी महिला यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील कर रही थी। माइकिंग के जरिये भी यात्रियों को जागरूक किया जा रहा था।