बरारी /कटिहार – बरारी थाना क्षेत्र के ठुठ्ठी बलुआ में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने शुक्रवार शाम छापेमारी कर एक युवक को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि युवक हथियार लेकर लूटपाट की योजना बना रहा है। इसके बाद थानाध्यक्ष सुमेश कुमार के निर्देश पर टीम गठित कर कार्रवाई की गई।पुलिस टीम ने ठुठ्ठी बलुआ रेलवे लाइन अंडरपास के पास घेराबंदी की।
इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक देसी कट्टा और जींस की जेब से 8 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। कार्रवाई की ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी भी कराई गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान ठुठ्ठी बलुआ निवासी सोनू कुमार उर्फ सोनू कुमार महतो (26) पिता नथुनी महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ बरारी थाना में दो और पोठिया थाना में एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसकी जानकारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने शनिवार शाम दी।