निसार अहमद/बहादुरगंज
बहादुरगंज पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 327ई पर तड़के विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया, जिसके दौरान पश्चिम बंगाल की सीमा से अवैध रूप से बालू लादकर आ रहे तीन भारी ट्रकों को पकड़ा गया। जांच के दौरान इन तीनों वाहनों के चालकों के पास बालू परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध चालान या कागजात नहीं मिला, जिसके बाद बिना कागजों के हो रहे इस अवैध कारोबार पर तुरंत कानूनी शिकंजा कसा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए माइनिंग इंस्पेक्टर दिनेश कुमार को तत्काल मौके पर बुलाया गया और प्रशासनिक नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए इन तीनों वाहनों पर कुल 28,44,200 (अट्ठाइस लाख चौंतालीस हजार दो सौ) रुपये का भारी-भरकम चालान काटा गया है।
इस ताबड़तोड़ और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध बालू माफियाओं और बिना दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों में हड़कंप मच गया है, और स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।