इंद्रेश्वर उर्फ टीपू और मिजबाह रशीद पुलिस के हत्थे चढ़े
अररिया /अरुण कुमार
अररिया जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1734 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इंद्रेश्वर उर्फ टीपू और मिजबाह रशीद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से नशीले पदार्थ के अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि आरएस थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंद्रेश्वर उर्फ टीपू अपने सहयोगियों की मदद से स्मैक की खरीद-बिक्री करने की योजना बना रहा है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान इंद्रेश्वर उर्फ टीपू के घर से 102 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके बाद उससे पूछताछ के आधार पर अररिया नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 20-20 स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी की गई। यहां अलग-अलग स्थानों पर रखे 16 जीप पाउच में स्मैक बरामद हुई। प्रत्येक पाउच में लगभग 102 ग्राम स्मैक थी। इस तरह कुल 1734 ग्राम स्मैक जब्त की गई। पुलिस ने मौके से एक अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किया।
दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, इंद्रेश्वर उर्फ टीपू के खिलाफ अररिया आरएस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से दो मामले दर्ज हैं। वहीं, मिजबाह रशीद के खिलाफ अररिया थाना में वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
इस मामले में अररिया आरएस थाना कांड संख्या 79/26, दिनांक 16 अप्रैल 2026 तथा कांड संख्या 210/26, दिनांक 5 सितंबर 2026 का उल्लेख किया गया है। वहीं, मिजबाह रशीद के खिलाफ अररिया थाना कांड संख्या 157/25 दर्ज होने की बात प्रेस विज्ञप्ति में कही गई है।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी दल में अररिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार, आरएस थाना के थानाध्यक्ष अंकुर, नगर थाना अररिया के पदाधिकारी तथा आरएस थाना और नगर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।