कदवा /कटिहार – कदवा प्रखंड के सागरथ पंचायत के उपमुखिया जीतू कुमार का शव संदेहास्पद स्थिति में सोमवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चंद्रमा चौक के समीप धान के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पूरे पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार रविवार को दिन में परिजनों से जीतू कटिहार जाने की बात कहकर घर से निकला था।जो देर रात तक घर नहीं लौटा।देर रात तक जीतू के घर नहीं आने पर परिजन उसके खोजबीन में जुटे हुए थे।
खोजबीन के दौरान सोमवार को दिन के तीन बजे मुफसिल थाना के पुलिस द्वारा चंद्रमा चौक के समीप धान के खेत में उनका शव होने की सूचना मिली। मामले में मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के बारे में जानकारी मिली थी कि वह विक्षिप्त प्रवृत्ति के थे। और नशे की हालत में थे। हालांकि परिजनों ने इस बात से इनकार किया है। ऐसे में मौत की परिस्थितियों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं।फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद से परिजन सदमे में हैं।जनप्रतिनिधि के रूप में पहचान रखने वाले जीतू कुमार की मौत से सागरथ पंचायत में मातमी माहौल है।
वहीं सागरथ पंचायत के पूर्व मुखिया रामनाथ मंडल, समाजसेवी पंकज यादव मृत्युंजय वर्मा,सुरेंद्र विश्वास, प्रवीण विश्वास, मुखिया राजेश लाल सरपंच प्रदीप विश्वास समिति कपिल सिंह, समाजसेवी महेंद्र विश्वास सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि जीतू काफी मृदु स्वभाव का युवक था। बीते पांच वर्ष पूर्व वह वार्ड संख्या तीन से वार्ड सदस्य के रूप में निर्वाचित हुआ था।जिसे एक वर्ष पूर्व सामाजिक सहयोग से पंचायत का उपमुखिया बनाया गया था। थानाध्यक्ष द्वारा परिजनों से हुई बातचीत में थानाध्यक्ष द्वारा मृतक को विक्षिप्त बताए जाने की बात गलत और बेबुनियाद है।
मामले में जनप्रतिनिधिगण ने कटिहार एसपी से निष्पक्ष जाँच के उपरांत दोषी पर कार्रवाई पर मांग की है।ग्रामीणों ने बताया चंद्रमा चौक के समीप मृतक के ममेरे भाई आदि रिश्तेदार का घर है।मृतक के पिता ने दो शादी की है मृतक अपने मां रेखा देवी भाई व अविवाहित बहन फूलकुमारी के साथ अलग रहता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।