फलका /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के भंगहा पंचायत के वार्ड संख्या दो में सोमवार को अचानक आग लग गई। आगजनी में दस परिवारों की खुशियां और वर्षों की कमाई पलभर में राख कर दी। देखते ही देखते करीब दस घर आग की चपेट में आ गए। मखाना बेचकर जमा किए गए दो परिवार का करीब 15 लाख रुपये नकद, व अन्य परिवार का कपड़े, अनाज, जरूरी कागजात समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
आग बुझने के बाद पीड़ित परिवारों के सामने अब सिर छिपाने से लेकर दो वक्त की रोटी तक का संकट खड़ा हो गया है।पीड़ित उपेंद्र महलदार, सिकंदर महलदार, उषा देवी, धर्मेंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार, मंटू शर्मा, अरविंद कुमार शर्मा, मिथलेश शर्मा, गौतम शर्मा, भोला शर्मा ने बताया कि सोमवार को अचानक उपेंद्र महलदार के घर में आग लग गयी। देखते ही देखते आग की लपटें विकराल हो गई और आसपास के घरों को अपनी चपेट में लेने लगीं। आग की ऊंची लपटें उठती देख गांव में अफरा तफरी मच गई।
पीड़ित द्वारा आग लगे की जानकारी मुखिया प्रीति पटेल एवं पैक्स अध्यक्ष संजय पटेल को दिए। उन्होंने आनन फानन में अग्निशमन विभाग एवं सीओ फलका को घटना की जानकारी दिये। सूचना मिलते ही अग्निशमन के वाहन पहुंच कर एवं ग्रामीणों के काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब आधा दर्जन घर जलकर राख हो चुके थे। मखाना बेचकर घरों में रखे उपेंद्र महलदार के तीन लाख, सिकंदर महलदार का 12 लाख व अन्य का कपड़े, अनाज, नकदी,जरूरी कागजात सहित घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गए।
मामले में अंचलाधिकारी सौमी पोद्दार ने बताया कि घटना की जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को घटनास्थल पर भेजा गया है। राजस्व कर्मचारी जांच के बाद प्रतिवेदन अंचल कार्यालय में समर्पित करेंगे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवारों को आपदा राहत के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।