बरारी पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, देशी कट्टा, 8 जिंदा कारतूस और 9 खोखा बरामद
बरारी /कटिहार – बरारी थाना क्षेत्र के तरियानी पुल के पास किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे दो युवकों को बरारी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से एक देशी कट्टा, 8 जिंदा कारतूस, 9 खोखा और दो मोबाइल बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार और एसटीएफ टीम के इंस्पेक्टर भागवत भगत को गुप्त सूचना मिली थी कि तरियानी पुल के पास दो युवक अवैध हथियार के साथ किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष एसआई कौशल कुमार,राजनेता कुमार,शिवम चौधरी व पुलिस बल और एसटीएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे। पुलिस बल की मदद से दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया गया।
युवकों की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के बकिया रानीचक निवासी सन्नी कुमार यादव (21) और कौवामोर निवासी मो. अल्फराज (20) के रूप में हुई। पुलिस ने विधिवत तलाशी ली तो उनके पास से एक देशी कट्टा, 8 जिंदा कारतूस, 9 खोखा और दो मोबाइल बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर हथियार और कारतूस के स्रोत के साथ ही दोनों युवकों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।