रांची:रांची की विशेष PMLA अदालत ने बुधवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ 8.86 एकड़ बारगेन जमीन मामले में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोप तय कर दिए। इसके साथ ही मामले में उनके खिलाफ ट्रायल शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
मालूम हो कि सुनवाई के दौरान हेमंत सोरेन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश हुए। अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से लगाए गए आरोप पढ़े गए, जिन्हें सोरेन ने खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया और आरोपों को निराधार बताया।
गौरतलब हो कि मामला रांची के बारगेन क्षेत्र की 8.86 एकड़ जमीन के कथित अवैध अधिग्रहण और हस्तांतरण से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इसी जमीन से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच की है।जांच में जमीन के रिकॉर्ड में कथित हेरफेर और अवैध कब्जे से जुड़े आरोप सामने आए थे।
इस मामले में कुल 17 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप तय होने से पहले अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए जा चुके थे। अब मामले में गवाहों के बयान और साक्ष्यों की प्रक्रिया के साथ ट्रायल आगे बढ़ेगा।
सोरेन ने आरोप तय करने की कार्यवाही को रोकने के लिए झारखंड हाईकोर्ट का भी रुख किया था, लेकिन अदालत से तत्काल राहत नहीं मिली। इसके बाद विशेष PMLA अदालत में आरोप तय किए गए। आरोप तय होने के बाद राज्य की राजनीति का तापमान बढ़ गया है।