बाढ़ प्रभावित अंचलों में संचालित राहत कार्यों की हुई समीक्षा
24 घंटे अलर्ट मोड में रहने का अधिकारियों को दिया गया निर्देश
कटिहार-बिहार सरकार के मंत्री राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की अध्यक्षता में जिले में बाढ़ की स्थिति तथा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की गई। बैठक में मंत्री ग्रामीण विकास विभाग -सह- सूचना एवं जनसंपर्क विभाग श्रवण कुमार,मंत्री शिक्षा विभाग मिथिलेश तिवारी, मंत्री पथ निर्माण विभाग ई.कुमार शैलेन्द्र ,पूर्व उप मुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोर प्रसाद, एमएलसी अशोक अग्रवाल, विधायक कोढ़ा कविता देवी मुख्य रुप से उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान उन्होंने बाढ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति एवं क्षेत्र में संचालित राहत कार्यों को लेकर जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए।
सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी 24 घंटे अलर्ट मोड में रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें। राजस्व मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा एवं उन्हें समय पर राहत उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।राहत एवं बचाव कार्यों के लिए बजट अथवा संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक आवश्यक सहायता समय पर पहुँचे तथा विशेष रूप से दूरस्थ एवं जलमग्न क्षेत्रों में राहत कार्यों को और प्रभावी बनाया जाए।
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जानकारी दी कि जिले के 07 अंचलों के 59 ग्राम पंचायतों के 607 गाँव प्रभावित रहा। 9,39,766 प्रभावित लोगों तक त्वरित राहत पहुँचाने के लिए जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया गया।इस क्रम में अपर समाहर्ता आपदा फिरोज अख्तर ने संचालित राहत कार्यों सुरक्षित आवागमन को लेकर नाव परिचालन, सामुदायिक रसोई,स्वास्थ्य शिविर,पशु चिकित्सा एवं चारा,प्लास्टिक शीट,सूखा राशन वितरण,जीआर राशि वितरण की बिंदुवार जानकारी दी।
मंत्री डा.जायसवाल ने बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता बरते जाने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ की इस कठिन घड़ी में प्रभावित नागरिकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
इस मौके पर बीस सूत्री उपाध्यक्ष मनोज राय, उपाध्यक्ष सूरज प्रकाश राय,अपर समाहर्ता आपदा फ़िरोज़ अख्तर,अपर समाहर्ता डा.बिनोद कुमार ,डीसीएलआर शशांक वर्णवाल सहित अन्य जिलास्तरीय विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: सत्येंदु सुमन