कांग्रेस शिष्टमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
कटिहार -जिले में बाढ़ प्रभावित परिवारों को जीआर राशि एवं फसल क्षतिपूर्ति का लाभ देने को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन से सूची के पुनरीक्षण की मांग की है। इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में कांग्रेस के एक शिष्टमंडल ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बाढ़ से प्रभावित, लेकिन राहत एवं मुआवजे की सूची में छूट गए परिवारों को भी लाभ देने की मांग की।
जिला पदाधिकारी को दिए गए पत्र में कहा गया है कि हाल में आई बाढ़ के कारण कुरसेला, बरारी, समेली, मनसाही, मनिहारी एवं अमदाबाद प्रखंडों में बड़ी संख्या में आबादी प्रभावित हुई है। बाढ़ के दौरान जिला प्रशासन की ओर से बचाव एवं राहत कार्य चलाए गए, जिसके लिए सांसद प्रतिनिधि ने प्रशासन के प्रयासों के प्रति आभार भी जताया। हालांकि ज्ञापन में जीआर राशि एवं फसल क्षतिपूर्ति के वितरण में कथित विसंगतियों का मुद्दा उठाया गया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहत एवं क्षतिपूर्ति के लिए तैयार की गई सूची पिछले वर्षों में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के आधार पर तैयार किए जाने के कारण इस बार बाढ़ की चपेट में आए कई परिवार सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। ऐसे परिवार सरकारी राहत एवं फसल क्षतिपूर्ति के लाभ से वंचित रह गए हैं। सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान बाढ़ की वास्तविक स्थिति को देखते हुए लाभुकों की सूची का दोबारा सत्यापन कराया जाना जरूरी है।
उन्होंने प्रशासन से जमीनी स्तर पर जांच कराकर यह सुनिश्चित करने की मांग की कि बाढ़ से वास्तव में प्रभावित कोई भी परिवार राहत एवं क्षतिपूर्ति के लाभ से वंचित न रहे। कांग्रेस शिष्टमंडल ने जिला प्रशासन से जीआर राशि एवं फसल क्षतिपूर्ति के लाभुकों की सूची का पुनरीक्षण कराने तथा छूटे हुए प्रभावित परिवारों को सूची में शामिल कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
मौके पर कांग्रेस नेता दिलीप कुमार विश्वास, विनोद यादव,अवधेश मंडल,अंजुमन कौसर उर्फ आम्रपाली यादव, कुमार गौरव,राजीद खान, गोपाल यादव, चंदन यादव, सुबोध यादव सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।