अंडर-17 योग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय व क्षेत्र का बढ़ाया मान
निसार अहमद/बहादुरगंज
जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में उच्च माध्यमिक विद्यालय बिलासी के छात्र रितेश राज ने अंडर-17 योग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। रितेश की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राओं एवं परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
रितेश की इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार दास ने कहा कि खेलकूद एवं योग विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रितेश ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। रितेश की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
प्रधानाध्यापक ने रितेश को बधाई देते हुए कहा कि नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ विद्यार्थी जिला ही नहीं, बल्कि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने रितेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी है।