किशनगंज/सागर चंद्रा
टाउन थाना पुलिस ने तस्करी के 13 मवेशी लदे ट्रक को जप्त किया है। साथ ही ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया है। हालांकि ट्रक को सिग्नल दे रहा तस्कर पुलिस को चकमा देने में सफल रहा।गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मवेशी तस्करी में शामिल लोगों की तलाश में जुट गई है। बंगाल के पलसा दालकोला निवासी चालक भोला पासवान (45) पिता मुनीलाल पासवान सहित अन्य के विरुद्ध टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने चालक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मवेशी तस्करी की सूचना के बाद गत मंगलवार रात पुलिस ने रामपुर चेकपोस्ट पर वाहन जांच तेज कर दी थी। इसी दौरान पुलिस ने दालकोला की दिशा से आ रही डब्ल्यू बी 73 एल 9573 नंबर की ट्रक को रोका।
तलाशी लेने पर ट्रक में 13 मवेशी क्रुरता पूर्वक लदा पाया गया। पुलिस ने जब चालक से मवेशियों से संबंधित कागजात की मांग की तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। नतीजतन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार चालक ने बताया कि मवेशी डेंगरा बायसी निवासी शाहनवाज हुसैन का है। जिसे वह बेचने के लिए पांजीपाड़ा ले जा रहा था।
हालांकि पांजीपाड़ा में मवेशी किसे सौंपनी थी, इसकी जानकारी चालक को नहीं थी। बहरहाल पुलिस ने टाउन थाना परिसर में ही मवेशियों को सुरक्षित रख दिया है और तस्करी गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी है।