सागर चंद्रा/ किशनगंज
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार रात बहादुरगंज थाना क्षेत्र के एलआरपी और दारूलउलूम चौक के बीच एनएच 327 ई पर हसीब धर्म कांटा के समीप घटित घटना में बाइक सवार भी घायल हो गया। घटना में साइकिल के परखच्चे उड़ गए। टक्कर की जोरदार आवाज को सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
भीड़ ने घायल को अस्पताल ले जाने की कोशिश की। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कराने की कोशिश की। लेकिन भीड़ द्वारा पहचान नहीं किये जाने पर पुलिस ने शव को अज्ञात मान लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जबकि घायल बाइक सवार को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे भी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इधर सोशल मीडिया में घटना का फोटो और वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो के आधार पर लोगों ने मृतक की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी 40 वर्षीय सुरेश कुमार सिंह के रूप में की और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी। जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी अपने छोटे-छोटे बच्चे और परिजनों के साथ सदर अस्पताल पहुंच गई और शव से लिपटकर जोर जोर से रोने लगी।
उसके कारूणिक क्रंदन को सुनकर मौके पर उपस्थित लोगों की आंखें भी भर आई। परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात सुरेश बहादुरगंज से घर वापस लौट रहा था। लेकिन बीच रास्ते में ही वह हादसे का शिकार हो गया। बुधवार को उसके मौत की जानकारी मिली।
परिजनों ने बताया कि घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अकाल मौत के बाद अब पत्नी और बच्चों के भविष्य की चिंता सताने लगी है।
बहरहाल सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। रोते-बिलखते परिजन शव को लेकर घर वापस लौट गए।