सागर चंद्रा/ किशनगंज
अवैध खनन की सूचना के बाद खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ओदरा घाट के पास छापेमारी की। छापेमारी के दौरान ओदरा घाट नदी के पास दो अवैध बालू लदे ट्रैक्टर और दो थर्मोकोल से बने नाव को देखा गया। लेकिन पुलिस बल को अपनी ओर आते देख दोनो ही ट्रैक्टर हाईड्रोलिक के माध्यम से बालू गिराकर मौके से भाग गया और पास के चायपत्ती बगान के नजदीक वाहन छोड़ कर चालक फरार हो गया।
दोनों ट्रैक्टर में मात्र 10-10 सीएफटी बालू लदा पाया गया। लेकिन तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से बालू से संबंधित किसी भी कागजात के बरामद नहीं होने पर दोनों ट्रैक्टर को टाउन थाने के हवाले कर दिया गया।
टीम ने बरामद नाव को जेसीबी की मदद से मौके पर ही नष्ट कर दिया। खान निरीक्षक सुनील कुमार के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में अज्ञात ट्रैक्टर मालिक और चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। खान निरीक्षक ने बताया कि दोनों ट्रैक्टर के मालिक और चालक से 1,00,540 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।