न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

21 वर्षों की सेवा के बाद शिक्षक मोहम्मद हारून रशीद को भावपूर्ण विदाई, नम आंखों से दी गई शुभकामनाएं

मुरलीधर झा/दिघलबैंक

उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैरबन्ना में पदस्थापित शिक्षक मोहम्मद हारून रशीद के स्थानांतरण पर बुधवार को विद्यालय परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में अपने समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर शिक्षण के लिए पहचान बनाने वाले शिक्षक के स्थानांतरण पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने भावपूर्ण माहौल में उन्हें विदाई दी।


समारोह में वक्ताओं ने कहा कि मोहम्मद हारून रशीद ने अपने 21 वर्षों के कार्यकाल के दौरान बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सरल एवं सहज व्यवहार, कर्तव्य के प्रति निष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति आत्मीय लगाव उन्हें विद्यालय परिवार में विशेष पहचान दिलाता रहा।


शिक्षक मोहम्मद हारून रशीद का ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत डोरिया विद्यालय में स्थानांतरण हुआ है। उनके स्थानांतरण की खबर से विद्यालय के छात्र-छात्राओं और सहकर्मियों में भावुकता का माहौल रहा। कई विद्यार्थियों ने अपने प्रिय शिक्षक के साथ बिताए अनुभवों को साझा किया। विद्यार्थियों ने कहा कि उनके पढ़ाने का तरीका सरल, सहज और प्रभावी रहा, जिससे कठिन विषयों को भी आसानी से समझने में मदद मिलती थी।


विद्यालय परिवार की ओर से शिक्षक मोहम्मद हारून रशीद को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नई कार्यस्थली पर सफलता की कामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का हिस्सा है, लेकिन एक अच्छे शिक्षक की सीख और उनके द्वारा विद्यार्थियों के जीवन में दिए गए संस्कार लंबे समय तक याद रहते हैं। विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के बीच उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह, मो. कलाम, प्रधानाध्यापक मो. अफजल हुसैन, मो. रफीक आलम, शिव शंकर गुप्ता, देवाशीष कुमार, मो. मुजाहिद आलम, बाबर हुसैन, अरिता देवी, श्वेतप्रभा देवी, ताहिरा खातून एवं संतोष सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Comment