अधिकारी के आरा स्थित मकान पर सुबह 8 बजे आर्थिक अपराध इकाई ने बोला धावा,चल रही जांच
आरा:आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने कैमूर जिले के मोहनिया चेक पोस्ट पर तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है कि अधिकारी ने अपनी ज्ञात और वैध आय के स्रोतों से करीब 1.49 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति हासिल की है।
साक्ष्य मिलने के बाद EOU की टीमों ने अधिकारी के परिसरों पर छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारी के आरा स्थित मकान पर सुबह 8 बजे आर्थिक अपराध इकाई ने धावा बोला दिया।
आरा, पटना, मुजफ्फरपुर और नवादा समेत कई स्थानों पर टीमें जमीन-जायदाद के कागजात, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अधिकारी की संपत्ति ज्ञात आय से 150 फीसदी से अधिक होने का संदेह है।
आरा के नवादा थाना अंतर्गत अवध पूरी मुहल्ला, चंदवा स्थित अमित कुमार के मकान पर टीम पूरे घर को खंगाल रही है।विभाग अब उनकी आय के अन्य जरियों और अचल संपत्तियों की गहनता से पड़ताल कर रहा है।