टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) किशनगंज की ओर से मंगलवार को टेढ़ागाछ प्रखंड के फुलवरिया स्थित पंचायत सरकार भवन के समीप एकदिवसीय प्रखंड स्तरीय बैठक सह कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। बैठक में संगठन को पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को पार्टी की गतिविधियों से सक्रिय रूप से जोड़ने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जदयू के जिला महासचिव जावेद आलम उर्फ बबलू एवं प्रखंड अध्यक्ष शाहिद आलम ने संगठनात्मक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बैठक में गांव-गांव तक जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने, पार्टी की गतिविधियों को आम लोगों तक पहुंचाने तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों को देने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत बनाने की अपील की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए ठाकुरगंज के जदयू विधायक गोपाल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल के दौरान राज्य में हुए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और बिजली के क्षेत्र में कई कार्य किए गए हैं। महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया है।विधायक ने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य किया गया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक के बाद विधायक गोपाल अग्रवाल ने प्रखंड के पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। इसके अलावा बीस सूत्री कार्यालय में जदयू पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बातचीत कर क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों और संगठन से जुड़े विषयों की जानकारी ली।
इस अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद, वरिष्ठ जदयू नेता विजय कुमार झा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों एवं सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान जदयू जिला महासचिव जावेद आलम उर्फ बबलू एवं प्रखंड अध्यक्ष शाहिद आलम ने विधायक गोपाल अग्रवाल को बुके भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।