एक पुरूष एवं एक महिला तस्कर गिरफ्तार।
सागर चंद्रा/ किशनगंज
पुलिस ने चेकिंग के दौरान ई रिक्शा से 106.25 लीटर विदेशी शराब बरामद किया है। साथ ही ई रिक्शा सवार एक पुरूष व एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध ठाकुरगंज थाने में केस दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बताते चलें कि एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर किशनगंज पुलिस के द्वारा अवैध शराब सहित अन्य मादक पदार्थो के विरूद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गत सोमवार को ठाकुरगंज पुलिस के द्वारा बस स्टैंड मोड़ के समीप वाहन चेकिंग की जा रही थी।
इसी क्रम में बंगाल की दिशा से आ रहे बीआर 37 पी 6674 नंबर की ई रिक्शा को रोका। लेकिन ई रिक्शा सवार महिला पुलिस को देख कर ई रिक्शा से उतर कर भागने लगी। जिसे महिला जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया।
ई रिक्शा की तलाशी लेने पर एक बैग से अलग-अलग ब्रांड के 106.25 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया। साथ ही ई रिक्शा सवार पोठिया थाना क्षेत्र के माखन पोखर निवासी अफसार आलाम पिता शमशुल आलम और कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित जुराब गंज निवासी अनीता देवी पति दीपक बंजारा को गिरफ्तार कर लिया।