स्मैक, विदेशी शराब और नगदी किया गया बरामद
किशनगंज/प्रतिनिधि
एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर जिला पुलिस ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध बालू, अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन तथा मोटरसाइकिल चोरी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया है। 21 सितंबर से 27 सितंबर तक चलाए गए इस साप्ताहिक अभियान में पुलिस को सफलता हाथ लगी है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अभियान के तहत कुल 100 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई अलग अलग थाना क्षेत्रों में की गई।इसके साथ ही वाहन जाँच और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 लाख 88 हजार रुपये जुर्माना की राशि वसूली गई है।
साप्ताहिक अभियान के दौरान पुलिस ने 277 ग्राम स्मैक,हेरोइन, 109 लीटर विदेशी शराब और 209.8 लीटर देशी शराब जब्त की है।अभियान के दौरान 06 मोटरसाइकिल, 4 ट्रैक्टर, 21 मोबाइल, 2 पिकअप, 2 ई -रिक्शा और 2 स्कूटी बरामद की गई है।इसके अलावा 1 स्टेपलर भी जब्त किया गया है।पुलिस ने 6 लाख 31 हजार 945 रुपये भारतीय मुद्रा, 1 लाख 34 हजार रुपये के जाली नोट, 725 ग्राम चांदी, 20 ग्राम सोना और 1690 पीस लॉटरी बरामद की है।
इसके साथ ही 22 मवेशियों को भी मुक्त कराया गया है। एसपी संतोष कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस के एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके अलावा साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायन-112 पर कॉल कर सकते हैं।