4 अक्टूबर को किशनगंज में कार्यक्रम का होगा आयोजन
मुरलीधर झा /दिघलबैंक
मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से हरुवाडांगा स्थित संजय गांधी मैदान के हनुमान मंदिर परिसर में सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र को केंद्र शासित प्रदेश बनाने की मांग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संगठन की प्रखंड टोली के गठन की प्रक्रिया भी पूरी की गई तथा पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई।
बैठक में भाजपा, लोजपा, जदयू सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े सदस्य शामिल हुए। वहीं विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, गायत्री परिवार सहित विभिन्न हिंदुत्ववादी संगठनों के कार्यकर्ता तथा विभिन्न धर्मावलंबी संगठनों के सदस्य भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने केंद्र शासित प्रदेश की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। साथ ही इस मांग को लेकर आंदोलन को व्यापक रूप देने तथा आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
इस दौरान विभाग संयोजक सुनील तिवारी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश की मांग को लेकर आगामी 4 अक्टूबर को किशनगंज में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी कार्यक्रम के माध्यम से आंदोलन का बिगुल फूंका जाएगा।
बैठक में आगामी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
बैठक में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद गणेश, उपाध्यक्ष ज्योति सिंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष (पश्चिमी) गणेश कुमार सिंह, प्रखंड अध्यक्ष (पूर्वी) बमभोला सिंह, प्रखंड संयोजक मुरलीधर झा, सहसंयोजक भोला सिन्हा, गायत्री परिवार से गौरी शंकर त्रिमूर्ति, पंचानंद गणेश, विहिप मंत्री प्रवीण कुमार गणेश, अंकित चौधरी, बलराम साह, पंकज ठाकुर सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।