मुरलीधर झा /दिघलबैंक
प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत में एसटी रॉयल टाइगर युवा क्लब की ओर से मंगलवार से तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन शुरू किया गया। टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में नेपाल की चार टीमों समेत कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में नेपाल के अलावा अररिया, घुलाबाड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का समापन 1 अक्टूबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
टूर्नामेंट के पहले दिन फ्रेंडशिप फसी नेपाल, यूनाइटेड ब्रदर लालपानी तथा रसियाडांगी की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल और रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों एवं क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में खेलप्रेमी मैदान पहुंचे। दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष फैयाज़ आलम, भाजपा प्रवक्ता कौशल किशोर यादव, नील मोहन यादव, मुखिया अनिसुर रहमान, कोढ़ोबाड़ी थानाध्यक्ष संतोष कुमार, गोपाल टुडू, सुनील हांसदा, सुनीराम सोरेन, सीमोन हांसदा, मो. अहमद सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम में टूर्नामेंट के संचालक सह अध्यक्ष दानियल सोरेन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों को लेकर भी क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह बना हुआ है।