न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

KatiharNews:प्राचीन शिव मंदिर में चोरी दानपेटी समेत दस घंटियां ले गए चोर

हसनगंज /कटिहार -हसनगंज थाना क्षेत्र के बलुआ पंचायत अंतर्गत स्थित अतिप्राचीन शिव मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। चोर मंदिर के उत्तर दिशा स्थित दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किए और मंदिर में रखी दानपेटी समेत कुल दस घंटियों की चोरी कर फरार हो गए। चोरी की घटना की जानकारी सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी को हुई।

इसके बाद मंदिर समिति के अध्यक्ष सह पंचायत के मुखिया कंदलाल मुर्मू को इसकी सूचना दी गई।घटना को लेकर मंदिर के अध्यक्ष सह मुखिया कंदलाल मुर्मू एवं पुजारी नरेश गोस्वामी ने हसनगंज थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुजारी नरेश गोस्वामी ने बताया कि वह अन्य दिनों की तरह सुबह मंदिर में पूजा -अर्चना करने पहुंचे थे।

मंदिर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उत्तर दिशा के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। दरवाजे का ताला टूटा देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। जब उन्होंने मंदिर के अंदर जाकर देखा तो मंदिर में रखी दानपेटी वहां से गायब थी। इसके बाद मंदिर परिसर का जायजा लेने पर कई घंटियां भी गायब मिलीं। पुजारी के अनुसार चोरों ने शिव मंदिर में लगी घंटियों के साथ-साथ मंदिर परिसर में स्थित हनुमान मंदिर और पार्वती मंदिर में लगी घंटियों को भी नहीं छोड़ा।

सभी को खोलकर चोर अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि दानपेटी सहित कुल दस घंटियों की चोरी हुई है। घटना के बाद मंदिर में पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं के बीच भी चोरी की जानकारी फैल गई। इधर चोरी की सूचना मिलने के बाद मंदिर के अध्यक्ष सह बलुआ पंचायत के मुखिया कंदलाल मुर्मू मंदिर पहुंचे और पूरे परिसर का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुजारी से चोरी की जानकारी मिलने के बाद वे तत्काल मंदिर पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान दानपेटी और घंटियां गायब मिलीं। उन्होंने बताया कि दानपेटी में कितनी राशि रखी हुई थी, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं है। वहीं मंदिर से चोरी हुई दस घंटियों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।मंदिर समिति एवं स्थानीय लोगों के लिए यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि यह क्षेत्र का अतिप्राचीन शिव मंदिर है और यहां श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है।

मंदिर परिसर में शिव मंदिर के अलावा हनुमान और पार्वती मंदिर भी स्थित हैं। एक ही रात में अलग-अलग मंदिरों से घंटियों की चोरी किए जाने से लोगों में चिंता है।इस संबंध में हसनगंज थाना अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर में चोरी को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Comment