कटिहार–राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत चलाए जा रहे राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से जन्मजात बीमारियों से जूझ रहे बच्चों को नि:शुल्क और बेहतर इलाज मिल रहा है। कार्यक्रम के तहत आरबीएसके की टीम आंगनबाड़ी केंद्रों और सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों की स्क्रीनिंग करते हुए चिन्हित बच्चों को त्वरित मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की जाती है।
इसी क्रम में जिले के 08 जन्मजात टेढ़े-मेढ़े पैर से पीड़ित बच्चों को एम्बुलेंस से सदर अस्पताल किशनगंज भेजा गया,जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उनका नि:शुल्क इलाज और शल्य चिकित्सा की जाएगी।जिला पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन ने आमजनों से अपील की है कि जन्मजात कटे हुए होंठ या तालु, दिल में छेद हृदय रोग, टेढ़े-मेढ़े पैर क्लबफुट अथवा हड्डियों की पुरानी बीमारियाँ पाई जाती है, तो घबराएं नहीं।
बल्कि आंगनबाड़ी व स्कूलों में आने वाली आरबीएसके टीम से बच्चों की जाँच कराएं।इसके लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी या आरबीएसके टीम से भी संपर्क किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार द्वारा इन चिन्हित बीमारियों का पूरी तरह मुफ्त, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण इलाज कराया जाएगा।