कोढ़ा को हराकर प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में करेगी जिला का प्रतिनिधित्व
आजमनगर/कटिहार – बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित स्कूली बच्चों के जिलास्तरीय खेल प्रतियोगिता में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय अरिहाना की अंडर-17 बालिका कबड्डी टीम का प्रदर्शन अव्वल रहा।टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है।
फाइनल मुकाबले में टीम ने उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय दिघड़ी, कोढा की टीम को परास्त कर खिताब अपने नाम कर लिया।इसके पहले सेमीफाइनल मुकाबले में टीम ने मावि लक्ष्मीपुर, बरारी की टीम को बड़े अंतर से पराजित कर फाइनल मकाबले में अपनी जगह बनाने में सफल रही। टीम के कप्तान संगीता,नंदनी कुमारी के नेतृत्व में गुड्डी कुमारी,रुचि कुमारी, सुमन कुमारी, पायल कुमारी, रौशनी कुमारी,लता कुमारी एवं गुंजा कुमारी के प्रदर्शन और उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों में हर्ष का माहौल देखने को मिला।
प्रधानाध्यापक सहित शिक्षकों ने टीम के सदस्यों का स्वागत करते हुए बधाई दी।तो वहीं शिक्षक विप्लव कुमार, नुरुल होदा,शिक्षा स्वयंसेवक सह टीम के कोच चंदन राय ने प्रमंडलस्तरीय प्रतियोगिता में भी अव्वल प्रदर्शन दुहराने को लेकर हौसला बढाया।
खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन की देखरेख में आयोजित इस जिलास्तरीय प्रतियोगिता में जिले के 154 सरकारी एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के 14,17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका कबड्डी,एथलेटिक्स,शतरंज, ताइक्वांडो,फुटबाल,वालीबाॅल,कुश्ती आदि खेल प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।