बरारी /कटिहार – बरारी थाना पुलिस ने सोमवार की रात करीब 8:30 बजे गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।गिरफ्तार युवक की पहचान बरारी नगर पंचायत के मधैया मुशहरी टोला निवासी मारकंडे राजभर के पुत्र छोटू कुमार (28) के रूप में हुई है।पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्तौल एक जिंदा कारतूस तथा टेक्नो कंपनी का मोबाइल बरामद किया है।
बरारी थाना के एसआई राजनेता कुमार ने बताया कि सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे गुप्त सूचना मिली थी कि गुरुबाजार स्थित दलाल चौक के समीप एक युवक हाथ में देशी पिस्तौल लेकर घूम रहा है और उसे लहरा रहा है। सूचना मिलते ही एसआई राजनेता कुमार एवं एसआई कौशल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा।
पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देशी कट्टा एक जिंदा कारतूस और टेक्नो कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया।इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर बरारी थाना लाया गया।पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार युवक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में कटिहार जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के पास हथियार कहां से आया और वह उसे लेकर सार्वजनिक स्थान पर क्यों घूम रहा था।