शिव मंदिर चौक से पानी टंकी चौक तक चला अतिक्रमण एवं प्लास्टिक छापेमारी अभियान
कटिहार – नगर निगम कटिहार की ओर से शहर को अतिक्रमण एवं सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को अतिक्रमण एवं प्लास्टिक छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत शिव मंदिर चौक से की गई। जो बड़ा बाजार होते हुए पानी टंकी चौक तक चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के साथ-साथ प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग एवं बिक्री की जांच की गई। नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के मामले में ₹1,500 का जुर्माना तथा अतिक्रमण के मामले में ₹2,000 का जुर्माना निर्धारित किया गया है।
नगर निगम की टीम ने दुकानदारों एवं आम लोगों से अपील की कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर यातायात एवं आमजन की सुविधा में बाधा उत्पन्न न करें। अभियान में नगर प्रबंधक सह नोडल पदाधिकारी ज्योति कृष्णमूर्ति,स्वच्छता पदाधिकारी नूर अली खान, कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह सहित नगर निगम के कर्मचारी एवं अमीन उपस्थित रहे।