कुरसेला /कटिहार – एनएच – 31 पर रामपुर यादव टोली के समीप मंगलवार की अहले सुबह करीब तीन बजे तेज रफ्तार तेल टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बजरंगी मंदिर में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पक्का के निर्माण वाला मंदिर ताश के पत्तों की तरह भरभराकर ढह गया। हादसे में मंदिर में स्थापित बजरंग बली की प्रतिमा भी खंडित हो गई।
वहीं टक्कर से तेल टैंकर का केबिन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में चालक की जान बच गई। उसे मामूली चोटें आई है। बताया गया कि नवगछिया की ओर से आ रहा तेल टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर मंदिर में जा घुसा। हादसे की तेज आवाज सुनकर सुबह-सुबह आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त मंदिर और टैंकर का मंजर देख लोग स्तब्ध रह गए।
टला बड़ा हादसा, नहीं फटा टैंकर
गनीमत रही कि मंदिर से टक्कर के बाद तेल टैंकर नहीं फटा और न ही उसमें आग लगी। अगर टैंकर में आग लग जाती तो एनएच-31 के किनारे बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को हटाने का प्रयास किया गया,लेकिन ग्रामीणों ने मंदिर का पुनर्निर्माण कराने की मांग को लेकर टैंकर हटाने से रोक दिया।
ग्रामीणों के अनुसार बजरंगबली मंदिर का निर्माण वर्ष 1982 में कराया गया था। लंबे समय से यह मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। मंदिर के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने और प्रतिमा खंडित होने से ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई।