पीर दिघी के पास मिला 14 वर्षीय खादिम का शव
पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
सालमारी/कटिहार -बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के मधाईपुर पंचायत के विद्यानंदपुर गांव में मंगलवार सुबह धान के खेत से 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। किशोर की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान विद्यानंदपुर निवासी मो. आरिफ के पुत्र मो. खादिम के रूप में हुई है। उसका शव गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पीर दिघी के समीप धान के खेत में मिला।
बताया जाता है कि खादिम सोमवार रात खाना खाने के बाद घर से बाहर निकला था। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। देर रात तक आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां तलाश की गई लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार सुबह धान के खेत में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की मां मस्कीना खातून के अनुसार, खादिम अक्सर रात में खाना खाने के बाद कुछ देर सड़क पर टहलने जाता था। सोमवार रात करीब 8:30 बजे भी वह घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की। मां ने बताया कि खादिम मोबाइल पर पबजी गेम भी खेलता था। परिजनों के अनुसार, उसकी किसी से दुश्मनी या विवाद की जानकारी उन्हें नहीं थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना की सूचना मिलते ही बलिया बेलौन थानाध्यक्ष मो. शाहिद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया। इस दौरान घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बारसोई एसडीपीओ अनिकेत अमर भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जानकारी लेने के साथ मृतक के परिजनों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की।
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
पुलिस की सूचना पर एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। टीम ने धान के खेत और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस हत्या के कारण और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि किशोर की हत्या घटनास्थल पर ही हुई या किसी अन्य स्थान पर वारदात के बाद शव को खेत में लाकर छोड़ा गया। फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।