मनिहारी /कटिहार -युवा समाजसेवी मो. सोहराब ने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिलकर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने तथा सूची में छूटे जरूरतमंद परिवारों के नाम शामिल करने की मांग को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है।
आवेदन में कहा गया है कि पंचायत क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए तैयार सूची में कई ऐसे जरूरतमंद परिवारों के नाम शामिल नहीं हैं, जो योजना का लाभ पाने की पात्रता रखते हैं। वहीं कुछ ऐसे लाभुकों के नाम सूची में दर्ज होने की बात भी कही गई है, जिनकी पात्रता को लेकर जांच की आवश्यकता है।
इससे वास्तविक जरूरतमंद परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित रह जा रहे हैं। आवेदनकर्ता ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में बड़ी संख्या में गरीब एवं आवासविहीन परिवार हैं। इनमें कई परिवार लंबे समय से आवास की समस्या से जूझ रहे हैं। योजना के सर्वेक्षण एवं सूची निर्माण के दौरान पात्र परिवारों का नाम नहीं जुड़ पाने से उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
आवेदन में प्रखंड विकास पदाधिकारी से मामले की जांच कराकर पात्र एवं वास्तविक जरूरतमंद परिवारों का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में शामिल करने की मांग की गई है। साथ ही सूची में किसी प्रकार की अनियमितता होने पर इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।आवेदन में पंचायत प्रतिनिधियों समेत अन्य संबंधित लोगों के हस्ताक्षर भी हैं।