न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म मामले के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार

रेलवे स्टेशन से महिला को ले जाकर घटना को दिया अंजाम
विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्य के आधार पर की कार्रवाई

कटिहार- नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला को अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में कटिहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्णिया जिले के तमन्नागंज थाना क्षेत्र निवासी चंदन कुमार तथा पूर्णिया जिले के लालगंज थाना क्षेत्र निवासी विनय कुमार दास शामिल हैं।


पुलिस के अनुसार 27 सितंबर 2026 को पीड़िता ने महिला थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि 22 सितंबर को वह घर से नाराज होकर कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची थी। प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर रेलवे पायलट की वर्दी पहने एक व्यक्ति उससे मिला और नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि इसके बाद उक्त व्यक्ति उसे बरमसिया वार्ड नंबर-08 स्थित एक किराये के मकान में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया तथा अपने साथी को भी बुलाने का प्रयास किया।

मौका पाकर पीड़िता वहां से भाग निकली और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों द्वारा पकड़ने का प्रयास किए जाने पर आरोपी अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी का नाम चंदन कुमार है। जो कटिहार रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत है। घटना की पुष्टि रेलवे स्टेशन एवं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ के माध्यम से की जा सकती है।


इस संबंध में महिला थाना कांड संख्या 50/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटिहार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध के नेतृत्व में थानाध्यक्ष महिला,सहायक एवं तकनीकी टीम के साथ विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए कांड में संलिप्त चंदन कुमार, पिता स्व. प्रदीप राम, निवासी तमन्नागंज, कसबा थाना, जिला पूर्णिया तथा विनय कुमार दास, पिता सत्यरंजन दास, निवासी स्कूल टोला लालगंज, थाना पूर्णिया, जिला पूर्णिया को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।

Share this news

Leave a Comment