दिघलबैंक/मुरलीधर झा
मुनींद्र धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से जिले के दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत तुलसिया में विशाल सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से संत रामपाल जी महाराज का सत्संग सुनाया गया।
सत्संग के दौरान मानव जीवन के उद्देश्य, सच्ची भक्ति, शास्त्रानुकूल आध्यात्मिक ज्ञान तथा मोक्ष के मार्ग से संबंधित विषयों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही लोगों को अंधविश्वास और विभिन्न सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त समाज, दहेज प्रथा एवं मृत्युभोज का विरोध, जाति-पाति और छुआछूत से मुक्ति, कन्या भ्रूण हत्या पर रोक तथा भ्रष्टाचार सहित अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया गया। लोगों को सदाचार, मानवता, आपसी भाईचारा और जरूरतमंदों की सेवा के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प भी लिया।
आयोजन की व्यवस्थाओं में जिला सेवादार महेश दास, प्रखंड सेवादार पुरन दास तथा सहयोगी सेवादार प्रहलाद सिंह (तुलसिया) सहित अन्य सेवादारों ने सक्रिय सहयोग किया।
आयोजकों ने बताया कि मुनींद्र धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से आयोजित ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य आध्यात्मिक ज्ञान के साथ-साथ समाज में नशामुक्ति, सामाजिक समानता, मानव सेवा और सदाचार की भावना को बढ़ावा देना है। समारोह में श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा गया।