न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बिहार में छठ महापर्व पर अर्घ्य का समय जारी,किशनगंज में सबसे पहले डूबेंगे सूर्यदेव,भभुआ में सबसे देर से होगा सूर्यास्त,देखिए पूरा लिस्ट

पटना:लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए सूर्यास्त और सूर्योदय का जिलेवार समय जारी कर दिया है। निर्धारित समय के अनुसार, 15 नवंबर को छठ व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

जारी समय-सारणी के अनुसार, बिहार में सबसे पहले सीमांचल के किशनगंज जिले में शाम 4 बजकर 49 मिनट पर सूर्यास्त होगा। वहीं, भभुआ में सबसे देर से शाम 5 बजकर 8 मिनट पर सूर्यदेव अस्त होंगे। राजधानी पटना में 15 नवंबर को शाम 5 बजकर 1 मिनट पर सूर्यास्त होगा, जबकि 16 नवंबर को सुबह 6 बजकर 7 मिनट पर सूर्योदय होगा।

जिलेवार समय के अनुसार, पूर्णिया और अररिया में शाम 4 बजकर 51 मिनट, भागलपुर में 4 बजकर 54 मिनट तथा मुजफ्फरपुर में 4 बजकर 59 मिनट पर सूर्यास्त होगा। वहीं, गया में शाम 5 बजकर 3 मिनट तथा रोहतास और बक्सर में शाम 5 बजकर 6 मिनट पर सूर्यास्त का समय निर्धारित किया गया है।

छठ महापर्व को लेकर बिहार के विभिन्न जिलों में घाटों की साफ-सफाई, सजावट, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बाजारों में भी छठ पूजन सामग्री, फल, सूप, दउरा और अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है।छठ मैया के गीतों से चहुंओर भक्तिमय माहौल बना हुआ है

प्रशासन की ओर से व्रतियों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय से पहले ही छठ घाटों पर पहुंचें, ताकि शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें। सूर्यदेव की उपासना और लोक आस्था के इस महापर्व को लेकर पूरे बिहार में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

Share this news

Leave a Comment