न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

आकर्षक ढंग से सजाए जा रहे छठ घाट, सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहेगा मुस्तैद

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा को लेकर टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महापर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, सजावट और रोशनी की व्यवस्था में श्रद्धालु एवं स्थानीय पूजा समितियां पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं।


इसी क्रम में चिल्हनियां पंचायत स्थित सुहिया रेतुआ नदी घाट पर छठव्रतियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। नदी के दोनों किनारों पर केले के वृक्षों से आकर्षक सजावट की जा रही है। वहीं, छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा है। घरों से लेकर छठ घाटों तक छठी मैया के गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। संध्या अर्घ्य और प्रातःकालीन अर्घ्य को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


टेढ़ागाछ, फुलबरिया, रामपुर, महुआ, बेणुगढ़, मटियारी, खजूरबाड़ी, हवाकोल, खनियाबाद, बीबीगंज, भोजपुर, चरचरिया, बैगना, खुरखुरिया, गम्हरिया, भोरहा एवं पुराना टेढ़ागाछ सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।इधर, छठ पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रमुख छठ घाटों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासन की ओर से शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि छठव्रती एवं श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

Share this news

Leave a Comment