30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील
कटिहार–राज्यस्तर से प्राप्त दिशा – निर्देशों के आलोक में जिले में गैर-संचारी रोगों की रोकथाम एवं समय पर पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच एवं उपचार सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है। विशेष रूप से 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं हृदय संबंधी जोखिमों की समय पर पहचान के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य समिति से मिली जानकारी के अनुसार इस क्रम में स्वास्थ्य संस्थानों में इसीजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वहीं एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों का ब्लड प्रेसर एवं ब्लड शुगर की नियमित जांच, जोखिम वाले व्यक्तियों की पहचान, आवश्यक परामर्श, उपचार एवं फॉलोअप की व्यवस्था की जा रही है।
उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह से प्रभावित पात्र मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से निःशुल्क आवश्यक दवा उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के व्यक्ति से समय-समय पर अपना बी.पी, ब्लड शुगर एवं आवश्यकतानुसार इसीजी जांच भी अवश्य कराने की अपील की है।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रारंभिक अवस्था में इन रोगों की पहचान और समय पर उपचार होने तथा जीवनशैली में आवश्यक बदलाव के माध्यम से गंभीर जटिलताओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।
विभाग ने स्वस्थ जीवन के लिए लोगों को नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधि, संतुलित एवं पौष्टिक खान-पान, नमक एवं अत्यधिक वसायुक्त भोजन के सीमित सेवन, तंबाकू एवं अन्य हानिकारक पदार्थों से दूरी तथा नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी है। जिला प्रशासन की ओर से भी जिले में इसीजी एवं एनसीडी सेवाओं की नियमित समीक्षा कर स्वास्थ्य संस्थानों पर आमजन को आवश्यक जांच एवं उपचार सेवा सुगमता से उपलब्ध कराये जाने का निर्देश दिया गया है।
सिविल सर्जन ने कहा है कि उच्च रक्तचाप और मधुमेह लंबे समय तक बिना स्पष्ट लक्षणों के भी रह सकता है। इसलिए लोगों को अपनी स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य केवल बीमारी का इलाज करना नहीं, बल्कि उसकी समय पर पहचान, नियमित फॉलोअप और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक कर गंभीर जटिलताओं को रोकना भी है। उन्होंने आमजनों से अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पर उपलब्ध गैरसंचारी रोगों के सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।