झुनकी मुसहरा में विदाई समारोह के दौरान भावुक हुए शिक्षक व छात्र, लंबे समय तक विद्यालय में दी सेवाओं को किया याद।
टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र के झुनकी मुसहरा स्थित मध्य विद्यालय फाराबाड़ी एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय फाराबाड़ी में सोमवार को लंबे समय से कार्यरत छह शिक्षकों का एक साथ स्थानांतरण होने पर विद्यालय परिवार में भावुक माहौल रहा। मध्य विद्यालय फाराबाड़ी के पांच तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय फाराबाड़ी के एक शिक्षक का स्थानांतरण किया गया है।
मध्य विद्यालय फाराबाड़ी में करीब 19 वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षक रामचन्द्र सिंह, मशिवनारायण दास एवं अकमल आलम का स्थानांतरण हुआ है। वहीं करीब 15 वर्षों से सेवा दे रहीं शिक्षिका शहंशाह बेगम तथा 12 वर्षों से विद्यालय में कार्यरत प्रभारी प्रधानाध्यापक मुज्जफर हुसैन का भी स्थानांतरण किया गया। इसके अलावा उच्च माध्यमिक विद्यालय फाराबाड़ी के शिक्षक अमित कुमार शाह का भी स्थानांतरण किया गया है।
शिक्षकों के स्थानांतरण की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के बीच भावुकता का माहौल देखा गया। लंबे समय तक विद्यालय में सेवा देने वाले शिक्षकों ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए तथा विद्यालय परिवार के सहयोग के प्रति आभार जताया।
विद्यालय परिवार के सदस्यों ने कहा कि स्थानांतरित शिक्षकों ने लंबे समय तक विद्यालय में रहकर बच्चों की शिक्षा एवं विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में योगदान दिया। उनके स्थानांतरण से विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों को उनकी कमी महसूस होगी। इस दौरान शिक्षकों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।