संवाददाता:अरुण कुमार
अररिया जिले के सिमराहा में स्थित मांस फैक्ट्री को बंद करवाने की मांग को लेकर सोमवार को सिरसिया में हजारों लोगों ने धरना प्रदर्शन किया ।गौरतलब हो कि जिला प्रशासन के द्वारा धरना प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता जुटे और फैक्ट्री के विरोध में अपनी आवाज को बुलंद किया ।
बताते चले कि इससे पहले रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार पोद्दार की अगुआई में शांति समिति की बैठक भी आहूत की गई थी और धरना को स्थगित करने की बात कही गई थी।लेकिन सामाजिक सुनील कुमार मंडल की अगुआई में सोमवार को सिरसिया में धरना प्रदर्शन के माध्यम से फैक्टरी के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने आवाज बुलंद किया।
धरना प्रदर्शन में शामिल वक्ताओं ने कहा कि फैक्ट्री से निकलने वाले दुर्गंध की वजह से हजारों ग्रामीण परेशान हैं और गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे है ।सुनील मंडल ने कहा कि धरना प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगी गई तो प्रसाशन के द्वारा अनुमति नहीं दिया गया ।
धरना प्रदर्शन में फारबिसगंज विधान सभा सीट से कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास भी शामिल हुए और उन्होंने उचित पहल का भरोसा दिया। धरना प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था ताकि विधि व्यवस्था में किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न नहीं हो ।