न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

सीमा सुरक्षा के साथ जनसेवा का संकल्प, 181 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच

चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन

ठाकुरगंज/मो मुर्तुजा

सीमा सुरक्षा बल की 19वीं वाहिनी, ठाकुरगंज पावरहाउस की ओर से सोमवार को नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती गांव हुलहुली में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर एवं जनता समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। शिविर में हुलहुली, चुर्ली, लिविया भिटा, खूनिया भिटा सहित आसपास के गांवों से पहुंचे 181 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई।

कार्यक्रम का आयोजन 19वीं वाहिनी के कमांडेंट राज कुमार खलखो के मार्गदर्शन में उप कमांडेंट राजीव शर्मा के नेतृत्व में किया गया। सहायक कमांडेंट प्रवीण राय, चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार एवं चिकित्सा दल ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान ग्रामीणों के बीच नि:शुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया।

चिकित्सा शिविर के बाद जनता समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों से उनकी समस्याओं, सुझावों तथा सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा, विकास और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल सीमा की सुरक्षा के साथ सीमावर्ती लोगों के स्वास्थ्य, कल्याण और विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है।

बैठक में ग्रामीणों को स्वरोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। ग्रामीणों से दूध, दही, पनीर, मांस, मछली, अंडे और सब्जियों जैसी दैनिक उपयोग की सामग्री स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि उन्हें आय के अतिरिक्त अवसर मिल सकें और गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत हो।

कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सीमा सुरक्षा बल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी स्वास्थ्य जांच, जागरूकता और जनसंपर्क से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

Share this news

Leave a Comment