फलका/कटिहार -फलका थाना क्षेत्र के रहटा पंचायत स्थित बड़कीबाड़ी गांव के समीप एक बड़ा हादसा हो गया। बरंडी नदी के गडैया घाट पर नदी पार कर खेत देखने जाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब कर लापता हो गया।युवक की पहचान बड़कीबाड़ी गांव निवासी सोमाय किस्कु (30) के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही स्थानीय प्रशासन और गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हैं।घटना के संबंध में बताया जाता है कि दोपहर में सोमाय किस्कु अपने घर से लक्ष्मीपुर बहियार स्थित अपने खेत में लगी फसल को देखने के लिए निकला था।
इसी दौरान बरंडी नदी के गडैया घाट को पार कर रहा था। तभी अचानक उसका पैर फिसल गया।नदी में पानी गहरा होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और तेज धार में डूबकर लापता हो गया।ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बरंडी नदी के जलस्तर में अचानक काफी वृद्धि हो गई है।
सोमाय किस्कु को नदी की गहराई और पानी के बढ़े हुए स्तर का अंदाजा नहीं मिल सका,जो इस हादसे का मुख्य कारण बना।हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय मुखिया राजेश रंजन, जिला पार्षद प्रतिनिधि मनोज मंडल और सरपंच चंदन मंडल को दी। जनप्रतिनिधियों ने तत्परता दिखाते हुए अंचल निरीक्षक नरेंद्रनाथ आनंद और प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार सुमन को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुअनि पूजा कुमारी सदलबल के साथ मौके पर पहुंच कर स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक नदी में खोजबीन अभियान चलाया। लेकिन लापता युवक का कुछ पता नहीं चल सका।युवक का सुराग न मिलने पर प्रशासन ने आगे की खोज के लिए एनडीआरएफ की टीम को सूचित किया है।
मामले अंचल निरीक्षक नरेंद्रनाथ आनंद ने बताया कि एनडीआरएफ टीम को घटना की जानकारी दे दी गई है और गोताखोरों द्वारा लापता युवक की तलाश लगातार जारी है।इस हादसे के बाद से लापता युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।