बसगढ़ा स्कूल के पास जुगाड़ गाड़ी में लकड़ी के बीच छिपाकर रखी गई थी शराब
कोढा /कटिहार-कोढ़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 302 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शदीली चौक निवासी अब्दुल बारीक (28) रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि बसगढ़ा स्कूल के समीप एक व्यक्ति तीन पहिया जुगाड़ गाड़ी में लकड़ी के बीच छिपाकर अवैध विदेशी शराब लेकर जा रहा है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए कोढ़ा थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति मौके से भागने का प्रयास करने लगा।
हालांकि पुलिस बल के सहयोग से उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अब्दुल बारीक बताया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत तलाशी ली, जिसमें जुगाड़ गाड़ी में छिपाकर रखी गई कुल 302 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 20 कार्टून किंगफिशर बियर ,चार कार्टून इंपीरियल ब्लू और तीन कार्टून रॉयल स्टैग शामिल बताए गए हैं। शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में कोढ़ा थाना में मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। कार्रवाई में एसआई संजीत कुमार,अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।